कोरबा

बुंदेली में गूंजे जय श्री श्याम के जयकारे, 12वां महोत्सव भक्ति और उत्साह से मनाया

कोरबा (ट्रैक सिटी)। ग्राम बुंदेली स्थित श्री बालाजी सेवा संघ एवं श्री श्याम अखाड़ा परिसर में शनिवार 19 सितंबर को श्री श्याम अखाड़ा का 12वां महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। शाम 6:15 बजे से शुरू हुए धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी और श्रद्धालु शामिल हुए।
महोत्सव के दौरान भव्य दरबार, अखंड ज्योत, चुनरी उत्सव, इत्र वर्षा और छप्पन भोग मुख्य आकर्षण रहे। श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम रसोई की व्यवस्था की गई, जहां भक्तों ने बाबा श्याम का प्रसाद ग्रहण किया।


भजनों से भक्तिरस में डूबा परिसर
आयोजन में आमंत्रित भजन प्रवाहकों ने श्री श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शीतल पांडेय दिल्ली, संजीव शर्मा सेमबर्ट गंज, गोपाल अग्रवाल कोरबा, प्रीति सरगम जबलपुर और अभिषेक गर्ग शक्ति ने भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में झूमते नजर आए और पूरे परिसर में ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे गूंजते रहे।


जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने की शिरकत
श्री श्याम अखाड़ा के 12वें महोत्सव में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नगर निगम कोरबा सभापति नूतन सिंह ठाकुर,समाजसेवी केदारनाथ अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए। अतिथियों ने बाबा श्याम के दर्शन कर आयोजन में सहभागिता की और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
निर्माणाधीन सालासर धाम में धार्मिक अनुष्ठान
महोत्सव स्थल निर्माणाधीन सालासर धाम, बुंदेली में श्री बालाजी मंदिर से जुड़ी धार्मिक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंडप के शिखर बंधन और सालासर बालाजी के शिखर बंधन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा के साथ संपन्न हुए।
श्री बालाजी सेवा संघ एवं श्री श्याम अखाड़ा परिसर में आयोजित महोत्सव में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन ने क्षेत्र में धार्मिक और भक्तिमय वातावरण बना दिया।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button