कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में लगातार अधिक बिजली बिल आने की समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक 3 साकेत नगर क्षेत्र के अब वार्डवासियों के साथ आम नागरिक भी आवाज उठाने की तैयारी में हैं। बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को तुलसीनगर स्थित बिजली कार्यालय में विरोध-प्रदर्शन कर विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
वार्ड क्रमांक 03 की पार्षद मथुरा चंद्रा की ओर से जारी अपील में वार्ड के सभी निवासियों के साथ-साथ बिजली बिल की समस्या से प्रभावित आम नागरिकों से भी प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया है। अपील का उद्देश्य सामूहिक रूप से बिजली विभाग के समक्ष उपभोक्ताओं की समस्याओं को रखना और उनके निराकरण की मांग करना है।
प्रदर्शन सोमवार 21 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तुलसीनगर बिजली कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अधिक बिजली बिल आने, बिल में कथित गड़बड़ी तथा उपभोक्ताओं से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर विभाग के अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखी जाएगी।
सामूहिक रूप से उठाई जाएगी आवाज
आयोजकों का कहना है कि बिजली बिल जैसी समस्या केवल किसी एक उपभोक्ता तक सीमित नहीं है। ऐसे में वार्ड क्रमांक 03 साकेत नगर के सभी वार्डवासियों के साथ आम नागरिकों की सहभागिता के साथ बिजली विभाग के समक्ष समस्या रखी जाएगी। प्रदर्शन के दौरान संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बिल संबंधी शिकायतों की जांच और उचित समाधान की मांग की जाएगी।
पार्षद मथुरा चंद्रा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जनता के हित से जुड़े इस विषय में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें, ताकि बिजली बिल से संबंधित शिकायतों का उचित निराकरण कराया जा सके।
Leave a Reply

