बालोद

सेवा संकल्प अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा

समय-सीमा की बैठक में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

बालोद(ट्रैक सिटी)/ राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को पूरी प्रतिबद्धता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों और विभागीय तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों के चयन, गतिविधियों की रूपरेखा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक गतिविधि का सुव्यवस्थित और प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर दिखाई दे।

बैठक में ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानी’, ‘संगीतमय नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति गांव-गांव तक’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘आंगनबाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’, ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियों की विभागवार समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारी बैठक में पूरी तैयारी और होमवर्क के साथ उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ‘सुग्घर छत्तीसगढ़’ और ‘सुशासन तिहार’ के दौरान अधिकारियों ने मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया है, उसी भावना से सेवा संकल्प अभियान को भी सफल बनाएं। उन्होंने मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों और निर्णयों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।

कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों का विस्तृत शेड्यूल तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में वनमण्डलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी सुरेश साहू, प्रतिमा ठाकरे झा, प्राची ठाकुर सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button