गरियाबंद

छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूर्ण होने पर 23 सितंबर को होगा ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम।

विकसित भारत विजन 2047 और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण पर युवाओं से होगा संवाद

ऑक्सन हॉल गरियाबंद में युवा होंगे शामिल, विषय विशेषज्ञ करेंगे परिचर्चा

गरियाबंद(ट्रैक सिटी)/ छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवाओं को ‘विकसित भारत विजन एट द रेट 2047’ से जोड़ने तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम 23 सितंबर 2026 को प्रातः 10ः00 बजे से वन विभाग परिसर के ऑक्सन हॉल में किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं के मेधावी विद्यार्थी, महाविद्यालयीन छात्र, कला, साहित्य, संस्कृति एवं खेल क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले युवा, खेल अकादमियों के प्रशिक्षणार्थी, संघ लोक सेवा आयोग एवं छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी, अभियांत्रिकी, चिकित्सा, कृषि, पॉलिटेक्निक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के विद्यार्थी, सामाजिक माध्यमों से जुड़े प्रभावशाली युवा, सामाजिक कार्यकर्ता, कौशल विकास प्रशिक्षणार्थी, छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी, दिव्यांगजन तथा आत्मसमर्पित पूर्व नक्सली युवाओं को शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रदेश के आमंत्रित विषय विशेषज्ञों द्वारा परिचर्चा की जाएगी। इसके अलावा युवाओं के साथ संवाद, प्रश्नोत्तर एवं सुझाव कार्यक्रम होंगे। परिचर्चा में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विकासात्मक एवं कल्याणकारी कार्य, ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ तथा ‘विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत’ के निर्माण में युवाओं की भूमिका प्रमुख प्रमुख होगी।

जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संबंधित संस्थाओं से अधिक से अधिक युवाओं की सार्थक सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है। प्रतिभागियों का पंजीयन छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग की वेबसाइट एवं निर्धारित गूगल प्रपत्र के माध्यम से कराया जाएगा।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button