कोरबा

शराब के लिए पैसे मांगे,मना करने पर घर में तोड़फोड़; बाद में युवक ने लगाई फांसी।

कोरबा(ट्रैक सिटी)। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कदमहाखार बस्ती में एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अमित कुजूर पिता भूषण कुजूर (22) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार अमित शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर में विवाद करता था। शनिवार को भी शराब के नशे में घर पहुंचने के बाद उसने माता-पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर वह गाली-गलौज करने लगा और घर में रखा सामान तोड़ दिया।

बताया गया कि अमित ने गुस्से में वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन सहित अन्य घरेलू सामानों को नुकसान पहुंचाया। बेटे के व्यवहार से परेशान माता-पिता मामले की जानकारी देने मानिकपुर चौकी पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस अमित के घर पहुंची। उस समय अमित ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था और दरवाजा नहीं खोल रहा था। पुलिस ने काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया। बाद में स्थिति सामान्य लगने पर पुलिस वहां से लौट गई।

पुलिस के लौटने के कुछ घंटे बाद रात करीब 8 बजे परिजन घर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और भीतर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने पड़ोस के एक युवक को घर के पीछे की दीवार से कमरे के अंदर भेजा। युवक ने अंदर जाकर दरवाजा खोला तो अमित कमरे के म्यार में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी तत्काल मानिकपुर चौकी पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रविवार को पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। नशे की लत और पारिवारिक विवाद को घटना से जुड़ी संभावित परिस्थितियों के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button