रायपुर

पूजा के नाम पर 15 तोला सोना और नकदी ले उड़े फर्जी बाबा, जांच में जुटी पुलिस।

रायपुर(ट्रैक सिट)/ । फाफाडीह में साधु के वेश में पहुंचे तीन लोगों ने बीमारी और पारिवारिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर महिला से करीब 15 तोला (150 ग्राम) सोने के जेवर और 9 हजार रुपये नकद ठग लिए। पूजा-पाठ के नाम पर आरोपियों ने अलग-अलग समय में जेवर लिए और किसी को बताने पर परिवार में अनहोनी होने का डर दिखाया। गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीमारी और आंखों की परेशानी की जानकारी देकर जीता भरोसा पुलिस के अनुसार, जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स निवासी जसवंत परमार की पत्नी नैना से मार्च 2026 में तीन साधुओं ने संपर्क किया। आरोपियों में से एक ने महिला की बीमारी और आंखों की परेशानी से जुड़ी ऐसी बातें बताईं, जो सही निकलीं। इससे महिला को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद बीमारी और पारिवारिक समस्याएं पूजा-पाठ से दूर करने का दावा किया गया।

पूजा के नाम पर धीरे-धीरे लेते रहे जेवर पहली बार आरोपी ने करीब तीन ग्राम की सोने की अंगूठी और 9 हजार रुपये लिए। करीब 10-12 दिन बाद पांच ग्राम की चेन ले गए। इसके बाद भी आरोपी इसी अंतराल में महिला के घर आते रहे और पूजा के नाम पर अलग-अलग जेवर लेते रहे। इस तरह करीब 150 ग्राम सोना उनके हाथ लग गया।

धमकी देकर कई महीनों तक रखा चुप आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने जेवर देने की बात किसी को बताई तो परिवार में किसी की मौत हो सकती है या बड़ी अनहोनी हो जाएगी। डर के कारण महिला ने कई महीनों तक घटना की जानकारी परिवार को नहीं दी। 7 सितंबर से आरोपी लगातार फोन कर और जेवर व नकदी मांगने लगे, जिसके बाद महिला को ठगी का संदेह हुआ।

25 सितंबर को पति को बताई घटना 25 सितंबर की रात महिला ने पति जसवंत परमार को पूरी घटना बताई। इसके बाद उन्होंने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस महिला के पास आए कॉल्स और अन्य सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button