कोरबा

दर्री ओवर ब्रिज के पास घायल मिला अज्ञात व्यक्ति:इलाज के दौरान मौत, तीन दिन बाद भी पहचान नहीं, पुलिस जांच में जुटी।

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा के दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे घायल अवस्था में मिले एक अज्ञात व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की टीम उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा लेकर पहुंची थी, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के तीन दिन बाद भी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

फिलहाल शव को जिला अस्पताल कोरबा की मर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है।जानकारी के अनुसार, राहगीरों ने मुख्य मार्ग ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति को सड़क किनारे घायल हालत में पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने घटना की जानकारी जिला अस्पताल चौकी पुलिस को मेमो के जरिए दी।

करीब 45 साल उम्र, शरीर पर चोट के निशान पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इन्हीं के आधार पर उसके सड़क हादसे का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चलेगा। मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके।

सभी थाना-चौकियों को भेजी सूचना पहचान के लिए जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने जिले के सभी थाना-चौकियों को सूचना भेजी है। इसके अलावा पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया के जरिए भी मृतक का हुलिया साझा किया गया है, ताकि उसके परिजनों तक जानकारी पहुंच सके। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

पहचान के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान होने के बाद शव परिजनों को सौंपकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर पहचान नहीं हो पाती है, तो नियमानुसार लावारिस शव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button