कोरबा (ट्रैक सिटी)। कुसमुंडा खदान में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। खदान क्षेत्र में दो भारी ट्रेलर वाहनों के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।

मृतक चालक की पहचान रलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक का शव वाहन के केबिन में फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शव को केबिन से निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद खदान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद मृतक के परिजन और अन्य लोगों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई।
कुसमुंडा खदान क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक बार फिर सुरक्षा मानकों और भारी वाहनों के संचालन की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
