कोरबा

इतवारी बाजार में सफाई व्यवस्था में लापरवाही, एजेंसी पर 5 हजार का जुर्माना

वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक को नोटिस, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश

कोरबा (ट्रैक सिटी)। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिक निगम कोरबा ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इतवारी बाजार में सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने संबंधित सफाई एजेंसी पर 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया है। वहीं, कोरबा जोन के वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक गिरवर विश्वकर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार निगम आयुक्त ने 26 सितंबर को इतवारी बाजार का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान बाजार क्षेत्र में पर्याप्त साफ-सफाई नहीं होने और गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। इतवारी बाजार में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां बड़ी संख्या में व्यापारी और नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में समय पर सफाई नहीं होने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

सफाई व्यवस्था में कमी सामने आने के बाद आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही को लेकर वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक गिरवर विश्वकर्मा को नोटिस जारी कर जवाब प्रस्तुत करने कहा गया है। इसके साथ ही एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, संबंधित स्थल की सफाई नहीं किए जाने के मामले में सफाई कार्य एजेंसी मेसर्स बरूण गोस्वामी कन्स्ट्रक्शन, सफाई ठेकेदार कोरबा पर 5 हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों और सफाई एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निगम की इस कार्रवाई के बाद सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और एजेंसियों पर आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button