कोरबा

घर में खेल रहे तीन वर्षीय मासूम की ऑटो की चपेट में आने से मौत, परिवार में पसरा मातम।

कोरबा(ट्रैक सिटी)/ जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत परसाभाठा में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर में खेल रहा बच्चा उस समय ऑटो के पहियों की चपेट में आ गया, जब परिजन वाहन को बाहर निकाल रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे की सूचना मिलने पर बालको पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हर्ष कुमार (3 वर्ष), पिता दिल कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से अमलडीहा, शिवनी, जिला जांजगीर-चांपा का निवासी था और अपने मामा के घर कोरबा के परसाभाठा स्थित पुराने नवधा चौक के पास आया हुआ था।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 8 बजे घर में रोजमर्रा की तरह ऑटो को बाहर निकालने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान हर्ष घर में खेल रहा था। वाहन को बाहर निकालते समय बच्चा अनजाने में ऑटो के पहियों की चपेट में आ गया। हादसे में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह अचेत हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजन घबराकर बच्चे को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में बच्चे की चहलकदमी और खिलखिलाहट गूंज रही थी, वहां अचानक मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना बालको थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। तीन वर्षीय मासूम की असमय मौत से परिजनों के साथ आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button