कोरबा

मदनपुर घाटी जाम मामले में NHAI के विरुद्ध न्यायालय में परिवाद

कोरबा(ट्रैक सिटी)। मदनपुर घाटी में ट्रेलर दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-130 पर लगे लंबे जाम को लेकर NHAI के अधिकारियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 222ए के तहत कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है।

घटना 12 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 2:30 बजे की है। मदनपुर घाटी में खराब होकर खड़े ट्रेलर क्रमांक CG10BS5980 को दूसरे ट्रेलर क्रमांक CG10BS9436 ने टक्कर मार दी थी।

हादसे के कारण बिलासपुर-अंबिकापुर मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और बसों में सवार यात्रियों, मरीजों, महिलाओं एवं बच्चों सहित ट्रेन और हवाई यात्रा करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सूचना मिलने पर बांगो थाना एवं मोरगा चौकी की पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और 112 की टीम जाम खुलवाने में जुटी रही। आरोप है कि NHAI के अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समय पर प्रभावी सहायता नहीं मिली, जिससे कई घंटों तक यात्री जाम में फंसे रहे।

पुलिस की ओर से इसे लोक सेवक के कर्तव्य निर्वहन में सहायता नहीं करने का मामला बताते हुए NHAI के विरुद्ध कटघोरा न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति में सहायता नहीं करने वाली अन्य एजेंसियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की बात कही गई है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button