कोरबा

चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग:भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान, वाहन जलकर खाक

कोरबा(ट्रैक सिटी)। जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से पहले धुआं निकला और कुछ ही देर में वाहन आग की लपटों से घिर गया। उस पर सवार भाई-बहन ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहा था। दोनों भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचे ही थे कि स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ा और वाहन में आग भड़क उठी।

स्कूटी में आग लगते ही भाई-बहन घबरा गए। उन्होंने वाहन रोकने की कोशिश की और किसी तरह उससे नीचे कूद गए। दोनों के सुरक्षित हटते ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वाहन जलकर खाक हो गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। समय रहते स्कूटी से उतर जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

कुछ दिन पहले कटघोरा में भी लगी थी आग कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस दौरान भी स्कूटी पर सवार परिवार बाल-बाल बचा था। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। हालांकि, भिलाईबाजार की घटना में आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button