कोरबा

कोरबा में भाजपा की विशाल पदयात्रा, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल

कोसाबाड़ी से घंटाघर तक निकली पदयात्रा, उद्योग मंत्री सहित जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी हुए शामिल

कोरबा (ट्रैक सिटी) । भारतीय जनता पार्टी ने जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में शुक्रवार को कोरबा में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के समर्थन में विशाल पदयात्रा का आयोजन किया। कोसाबाड़ी से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घंटाघर पहुंचकर संपन्न हुई। भाजपा ने इस पदयात्रा में हजारो कार्यकर्ताओं शामिल हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।

पदयात्रा में प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला सह प्रभारी ब्रजेंद्र शुक्ला, विधायक प्रेमचंद पटेल और महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे लगाए और पार्टी के अभियान का संदेश आम लोगों तक पहुंचाया।

इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि लगातार चुनावी हार से कांग्रेस बौखलाई हुई है और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर बेवजह सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए आवश्यक है।

वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मतदाता सूची में मृत और स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नामों का सत्यापन जरूरी है। इससे मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को लेकर किसी तरह का भ्रम फैलाने के बजाय इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

पदयात्रा में शामिल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इसके समर्थन में अपनी बात रखी। कोसाबाड़ी से घंटाघर तक निकली इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने संगठन की एकजुटता प्रदर्शित करने के साथ ही कांग्रेस के आरोपों का राजनीतिक जवाब देने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का समापन घंटाघर में हुआ, जहां पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button