कोरबा-चांपा

कोरबा-चांपा हाइवे पर दो हादसों से मचा हड़कंप, बाइक की टक्कर में युवक की मौत; भीड़ में घुसी कार, आरक्षक समेत छह घायल।

कोरबा/चांपा(ट्रैक सिटी)। कोरबा-चांपा हाईवे पर उरगा थाना क्षेत्र के नवलपुर के पास शनिवार देर रात लगातार हुए दो सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में धनेश्वर श्रीवास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ के बीच एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घुस गई, जिससे आरक्षक समेत छह लोग घायल हो गए। लगातार हुए हादसों के बाद इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

जानकारी के अनुसार, नवलपुर के पास शनिवार देर रात दो बाइक सवारों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धनेश्वर श्रीवास के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। कुछ ही देर में वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क पर जमा भीड़ में जा घुसी। कार की चपेट में आने से छह लोग घायल हो गए। इसके बाद कार राष्ट्रीय राजमार्ग की गश्ती गाड़ी से टकराकर रुक गई। बताया जा रहा है कि गश्ती वाहन से टकराने के बाद ही कार थमी, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। कार ठठारी गांव के एक व्यक्ति की बताई जा रही है। कार चला रहा व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस विभाग के एक आरक्षक को भी चोटें आई हैं।

बाइक सवार युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी बीच कुछ लोगों ने दूसरी बाइक पर सवार एक युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार दो हादसों और मारपीट की घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया।

गौरतलब है कि दशहरा पर्व के आयोजनों के चलते इन दिनों क्षेत्र में देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी हुई है। ऐसे में हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

उरगा TI नवीन पटेल ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसों के कारणों और मारपीट की घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button