कोरबा/बिलासपुर

कोरबा की युवती से बिलासपुर में दुष्कर्म, रैपिडो चालक पर गंभीर आरोप

ग्राहक बनकर बीमा पॉलिसी समझने के बहाने युवती को लॉज ले गया आरोपी, विरोध करने पर धमकाकर हुआ फरार; पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोरबा/बिलासपुर(ट्रैक सिटी)। कोरबा की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती के साथ बिलासपुर में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो बाइक चालक ने ग्राहक बनकर बीमा पॉलिसी की जानकारी लेने के बहाने युवती को स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, लॉज में ठहरने वाले युवक का पहचान पत्र नहीं लेने के मामले में संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत है। उसका काम लोगों से संपर्क कर उन्हें बीमा पॉलिसी की जानकारी देना और नए ग्राहक बनाना है। बताया गया कि 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बाइक बुक की थी। इस दौरान दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा उसे बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने पहुंचा। सफर के दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर भी ले लिए। बातचीत में युवती ने उसे अपने बीमा कंपनी में काम करने और विभिन्न पॉलिसी प्लान की जानकारी देने की बात बताई थी।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, 28 अक्टूबर को आरोपी ने युवती को फोन कर बुलाया। युवती जब उससे मिलने पहुंची और बीमा पॉलिसी की जानकारी दी, तो उसने दीपावली से पहले पॉलिसी लेने की इच्छा जताई। इसके बाद आरोपी ने शोरगुल का हवाला देते हुए किसी शांत स्थान पर बैठकर प्लान समझने की बात कही। उसकी बातों में आकर युवती उसके साथ चली गई। आरोप है कि आरोपी उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहां कमरा नंबर 124 में पहुंचने के बाद उसने दरवाजा बंद कर दिया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसे धमकाया और वहां से फरार हो गया।

अतिरिक्त SP पंकज पटेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन जानकारी मिली कि परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया है। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।

वहीं, TI सनिप रात्रे के अनुसार, लॉज में युवती का पहचान पत्र जमा कराया गया था, जबकि आरोपी से पहचान पत्र लिए बिना ही उसे कमरे की चाबी दे दी गई थी। पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी स्थानीय निवासी था, इसलिए उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया। पुलिस अब लॉज संचालक को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button