कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के ग्राम गीतकुंवारी बीट अंतर्गत ग्राम गिरारी में लबेद नाला पर बनी पुरानी मेड़ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जंगल क्षेत्र में दूसरे बांध के निर्माण का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने के बीच अब वन विभाग का पक्ष भी सामने आया है। ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य को निरस्त करने की मांग को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है।
इस मामले में वन विभाग के एसडीओ मणिकांत वर्मा ने बताया कि लबेद नाला पर पुरानी मेड़ के पास चल रहा निर्माण कार्य गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से कराया जा रहा है। विभाग की ओर से संबंधित लोगों को समझाइश दी गई है। साथ ही पूरे मामले से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
एसडीओ मणिकांत वर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य दिन के बजाय रात के अंधेरे में किया जा रहा है। वन विभाग इस गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और मामले में जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
एक ओर ग्रामीण जंगल क्षेत्र में दूसरे बांध के निर्माण से संबंधित आपत्तियां उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वन विभाग ने भी निर्माण को अवैध बताते हुए कार्रवाई के संकेत दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और विवादित निर्माण कार्य पर कब तक रोक लगाई जाती है।

