चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, 25 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
कटघोरा (ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के कटघोरा में चलती यात्री बस के गियर बॉक्स में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस के केबिन में धुएं का गुबार भरते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, यादव बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटघोरा तहसील चौक के पास अचानक बस के गियर बॉक्स में आग लग गई। देखते ही देखते बस के केबिन में धुआं भरने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी और बिना देर किए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

बताया जा रहा है कि बस का गियर बॉक्स करीब 15 मिनट तक सुलगता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
बस में अचानक आग लगने की घटना के चलते कुछ देर तक सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि, समय रहते यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

