कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोरबा-चांपा मार्ग पर उरगा मुख्य मार्ग में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 18 चक्का ट्रेलर की चपेट में आने से लगभग 60 वर्षीय वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक ग्राम सेमीपाली, थाना उरगा के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वृद्ध अपनी एक्टिवा स्कूटी से उरगा चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वृद्ध सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर के पहियों की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर का अगला और पिछला हिस्सा उनके ऊपर से गुजर गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
हादसे के बाद सड़क किनारे खड़ी एक कार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटनास्थल पर सड़क किनारे कार खड़ी नहीं होती तो वृद्ध अपनी स्कूटी सड़क से नीचे उतारकर ट्रेलर से बचने का प्रयास कर सकते थे। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच आवश्यक है।
सड़क किनारे अतिक्रमण और पार्किंग पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना ने मुख्य सड़कों के किनारे हो रहे अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग की समस्या को फिर उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उरगा मुख्य मार्ग पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। सड़क किनारे निजी निर्माण और वाहनों की पार्किंग के कारण आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती।
लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर जुर्माना लगाने, सड़क के किनारों को समतल करने और मुख्य मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। अब सवाल यह है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाएंगे?
