डीएमएफ फंड से NEET-JEE की तैयारी के लिए रायपुर भेजे गए विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला, अभिभावकों की शिकायत के बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मांगा जवाब
कोरबा (ट्रैक सिटी)। डीएमएफ (DMF) फंड से नीट और जेईई की तैयारी के लिए रायपुर भेजे गए कोरबा जिले के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर फीस भुगतान में देरी के कारण संकट खड़ा हो गया है। फीस की बकाया राशि जमा नहीं होने के चलते कोचिंग संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाई नहीं कराने की बात सामने आई थी। इस समस्या को लेकर गुरुवार को विद्यार्थी और उनके अभिभावक कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी परेशानी से जिला प्रशासन को अवगत कराया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गंभीरता से संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित कोचिंग संस्थान और कोरबा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी कर तत्काल जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से डीएमएफ मद से रायपुर स्थित एलन इंस्टीट्यूट भेजा गया था। लेकिन फीस भुगतान में देरी के चलते विद्यार्थियों को पढ़ाई से वंचित होने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों का भविष्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर निर्भर है। ऐसे में फीस संबंधी विवाद के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित होना चिंता का विषय है।
अब कलेक्टर द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद यह देखना होगा कि कोचिंग संस्थान और शिक्षा विभाग की ओर से क्या जवाब दिया जाता है तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई दोबारा सुचारू रूप से शुरू कराने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है।

