स्याहीमुड़ी में तैयार हुआ जिला स्तरीय कोचिंग संस्थान, जिला प्रशासन सीधे करेगा मॉनिटरिंग
विद्यार्थियों को दूसरे शहरों में जाने की जरूरत होगी कम
कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कराने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब विद्यार्थियों को जेईई (JEE) और नीट (NEET) की कोचिंग के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने शाहिमुरी में जिला स्तरीय कोचिंग संस्थान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए भवन सहित संस्थान के संचालन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसी सप्ताह से संस्थान का संचालन शुरू होने जा रहा है।

इस पहल से जिले के उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण रायपुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों में जाकर कोचिंग नहीं कर पाते। स्थानीय स्तर पर कोचिंग की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिल सकेगी।

कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जिला प्रशासन ने जिले के विद्यार्थियों को जेईई और नीट की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। स्याहीमुड़ी में संस्थान के लिए भवन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इसी सप्ताह संस्थान शुरू करने की तैयारी है।
कुणाल दुदावत, कलेक्टर कोरबा।
कलेक्टर ने बताया कि इस संस्थान की खास बात यह होगी कि इसकी शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं की सीधे जिला प्रशासन द्वारा मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे कोचिंग की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की पढ़ाई और संस्थान के संचालन पर नियमित नजर रखी जा सकेगी।
जिला प्रशासन की इस पहल से कोरबा के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि यह संस्थान जिले के कितने विद्यार्थियों के इंजीनियर और डॉक्टर बनने के सपनों को नई दिशा दे पाता है।

