दुर्ग(ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नगर निगम के सफाईकर्मी की चाकू से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अविनाश परिहार उर्फ नासो (26 वर्ष) के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लिया है। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या में अन्य लोगों की भूमिका होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अविनाश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी पर जाने से पहले नाश्ता करने घर आए थे। इसके बाद वे नगर निगम में अपनी ड्यूटी के लिए रवाना हो गए। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी पत्नी पद्मा निर्मलकर ने एक परिचित से उनके बारे में जानकारी ली। परिचित ने बताया कि अविनाश कुछ लड़कों के साथ सिद्धार्थ नगर स्थित ग्राउंड में बैठे हुए हैं।
इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान अविनाश पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी मिली। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
भांजे ने दो नाबालिगों पर चाकू से हमला करने का लगाया आरोप
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज के मुताबिक, वह दोपहर करीब 2 बजे मामा के घर पहुंचा था। मामी से जानकारी मिलने के बाद वह बताए गए स्थान पर पहुंचा। अरमान का दावा है कि वहां पहुंचने पर उसे मामा की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर मौके पर पहुंचा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उन पर चाकू से हमला कर रहे थे। उसे देखते ही दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
हत्या में अन्य लोगों की भूमिका की भी आशंका
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या में केवल दो नाबालिगों की संलिप्तता होने पर संदेह जताया है। उनका मानना है कि वारदात के पीछे अन्य लोगों की भूमिका भी हो सकती है। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच करने तथा हत्या में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
