कोरबा

बनखेता गांव में 65 हाथियों के दल का उत्पात, मकान तोड़ा और कई एकड़ धान की फसल रौंदी।

WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.05 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.06 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM (1)

कोरबा(ट्रैक सिटी)। कोरबा जिले के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत बनखेता गांव में बीती रात 65 हाथियों के विशाल दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर के भीतर रखे धान एवं चावल को खा गए। इस दौरान घर में रखे बर्तनों को भी पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों के अचानक गांव में प्रवेश करने से दहशत का माहौल बन गया। जान बचाने के लिए एक परिवार को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा। इसके बाद हाथियों के दल ने खेतों में पहुंचकर कई एकड़ में लगी धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हाथियों का दल चिंघाड़ते हुए बनखेता गांव में पहुंचा। हाथियों की आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान एक परिवार ने हाथियों को अपने मकान की ओर आते देखा। खतरे को भांपते हुए परिवार के सदस्य जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भाग गए। हाथियों ने मकान की दीवार तोड़कर अंदर रखे धान और चावल को खा लिया। इसके बाद दल खेतों की ओर बढ़ गया, जहां धान की फसल में बालियां आ चुकी हैं। हाथियों ने फसल को पैरों से रौंदने के साथ कुछ हिस्से को खाकर भी नुकसान पहुंचाया।

वन विभाग के अनुसार, वर्तमान में कोरबा जिले में कुल 65 हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। कटघोरा वनमंडल में 52 हाथियों का दल सक्रिय है। मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद हाथियों ने पसान सर्किल के तराईनार जंगल में डेरा जमाया हुआ है। रात के समय यह दल दो से तीन समूहों में बंटकर भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता सहित आसपास के गांवों में विचरण कर रहा है। वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 13 हाथी घूम रहे हैं।

वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में दोनों वनमंडलों में हाथियों ने लगभग 33 एकड़ में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा 250 से अधिक मकानों को भी क्षति पहुंचाई है। लगातार हो रहे नुकसान से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने वन विभाग से फसल एवं मकानों की क्षति का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

पसान वन परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीमें 24 घंटे गश्त कर रही हैं। प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से रात के समय जंगल की ओर नहीं जाने, खेतों में नहीं सोने तथा हाथियों को भगाने या उनके नजदीक जाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है।

Editor in chief | Website | + posts
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.02 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM (1)
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.03 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button