कोरबा(ट्रैक सिटी)। कोल इंडिया लिमिटेड के निर्देशानुसार 16 नवंबर को देशभर में माइंस रेस्क्यू डे मनाया गया। इसी कड़ी में एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के रजगामार रेस्क्यू रूम में माइंस रेस्क्यू डे समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोरबा क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिजीत भट्टाचार्य ने रेस्क्यू ध्वजारोहण कर किया।
इस अवसर पर रजगामार उपक्षेत्रीय प्रबंधक जी.एस. ठाकुर, एरिया सेफ्टी ऑफिसर ररंजीत रंजन सिन्हा, रजगामार 4/5 इंक्लाइन के खान प्रबंधक जगेश्वर मलांग, रेस्क्यू रूम इंचार्ज अरविंद कुमार, रजगामार 6/7 इंक्लाइन के सुरक्षा अधिकारी स्वपनिल थवाईत एवं राजीव कुमार यादव सहित GAINWELL के प्रोजेक्ट इंचार्ज रमेश बाबू और प्रोजेक्ट मैनेजर संजू कश्यप उपस्थित रहे। इनके अलावा रेस्क्यू रूम के आरबीएम दिलेश कुमार सुनील धीवर, सुरेंद्र कुमार तथा रेस्क्यू सदस् ऋषभ सिंह, हेमलाल, कुणाल शर्मा, भूपेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार यादव, ऋतिक कुर्रे, जॉय मुखर्जी एवं जी. राजेश सहित कोरबा क्षेत्र के रेस्क्यू प्रशिक्षित कर्मियों ने भाग लिया।
ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि अभिजीत भट्टाचार्य का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने रेस्क्यू कर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि खदानों में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति के दौरान रेस्क्यू टीम की तत्परता, तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अमूल्य जीवन की सुरक्षा के लिए रेस्क्यू कर्मियों को हमेशा सजग, प्रशिक्षित और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए।
इंटर एरिया रेस्क्यू प्रतियोगिता में कोरबा की उपलब्धि
समारोह के दौरान 55वीं इंटर एरिया माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता-2026 में कोरबा क्षेत्र द्वारा ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त करने की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया गया। इस गौरवपूर्ण प्रदर्शन के लिए क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री अभिजीत भट्टाचार्य ने प्रतियोगिता में शामिल सभी रेस्क्यू सदस्यों को मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में रेस्क्यू टीम की कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता, आपसी समन्वय और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही खदानों में संभावित दुर्घटनाओं एवं आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान त्वरित और प्रभावी बचाव कार्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रजगामार उपक्षेत्र के अधिकारियों, रेस्क्यू प्रशिक्षित कर्मियों, अन्य कर्मचारियों, GAINWELL के प्रतिनिधियों एवं कोरबा क्षेत्र के समस्त रेस्क्यू प्रशिक्षित कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
माइंस रेस्क्यू डे के अवसर पर खदानों में कार्यरत श्रमिकों के जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। यह दिवस रेस्क्यू कर्मियों के अदम्य साहस, निस्वार्थ सेवा, समर्पण और कठिन परिस्थितियों में मानव जीवन बचाने के संकल्प का प्रतीक है। समारोह में सभी रेस्क्यू कर्मियों के साहस, सेवा और समर्पण को नमन किया गया।

