रायपुर/कोरबा(ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के गंभीर मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को निशाना बनाकर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का नेटवर्क संचालित कर रहा था। इस पूरे खेल में अस्पताल से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम क्षेत्र द्वारा 19 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) एवं 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आजाद चौक पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है।
पहले तीन महिला आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी
इस मामले में पुलिस ने पहले तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें कृतिका साहू, निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक रायपुर, अहिल्या नामदेव, निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी रायपुर तथा गीतिका नाग, निवासी स्टोरपारा पुरैना, भिलाई-3 जिला दुर्ग शामिल हैं।
इन महिला आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है।
अस्पताल की सील लगाकर बनाए जाते थे फर्जी डिस्चार्ज टिकट
पुलिस जांच में डॉक्टर खिर सिंधु महानंद की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण सामने आई है। आरोप है कि डॉक्टर नवजात शिशु के क्रेता यानी लाभार्थी को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद यह डिस्चार्ज टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को उपलब्ध कराया जाता था।
इस तरह फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से नवजात शिशु को अस्पताल से डिस्चार्ज किए जाने की प्रक्रिया को वैध दिखाने का प्रयास किया जाता था। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित संपूर्ण दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है।
पूछताछ के दौरान डॉक्टर ने वर्ष 2026 में कुल तीन डिलीवरी होने तथा 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस अब इन जन्म प्रमाण पत्रों की वास्तविकता, जारी करने की परिस्थितियों और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।
पुरुष नर्स और सहयोगी की भी थी अहम भूमिका
इस प्रकरण में गिरफ्तार प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का कार्य करता था। पुलिस के मुताबिक, वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव तथा अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में संलिप्त था।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश करते थे। इसके बाद उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा किया जाता और उससे मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।
वहीं, आरोपी अश्वनी शर्मा की भूमिका रकम के लेन-देन में सामने आई है। पुलिस के अनुसार, नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एवज में होने वाले आर्थिक लेन-देन का काम अश्वनी शर्मा संभालता था। प्रकरण की प्रार्थिया को भी इसी तरीके से प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तीन नए आरोपियों की गिरफ्तारी से खुलेंगी कई कड़ियां
पुलिस ने जिन तीन नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें डॉ. खिर सिंधु महानंद (45 वर्ष), निवासी मोतीलाल नगर कोटा, थाना सरस्वती नगर रायपुर, प्रकाश कुमार कौरव (45 वर्ष), निवासी कपिस विहार अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर रायपुर तथा अश्वनी शर्मा (38 वर्ष), निवासी रामकुंड विहार, थाना आजाद चौक रायपुर शामिल हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश और नेटवर्क की जांच जारी
नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का यह मामला सामने आने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। इसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अब तक कितने नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री की गई, किन-किन लोगों ने इसमें भूमिका निभाई और इस अवैध कारोबार से कितनी रकम का लेन-देन हुआ।
इसके साथ ही अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों, जन्म प्रमाण पत्रों, ओपीडी रिकॉर्ड और फर्जी डिस्चार्ज टिकट की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका और उनके द्वारा किए गए कृत्यों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।
छह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में कई अहम सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था? कितने परिवार इस अवैध कारोबार से जुड़े हैं और कितने नवजात शिशुओं का भविष्य इस गिरोह के हाथों प्रभावित हुआ है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की आगे की जांच में सामने आने की उम्मीद है।

