कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के कोरबा में शनिवार तड़के एक टायर दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर दुकान के बाहर रखे टायर धू-धूकर जलने लगे। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।आगजनी का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक की है। यहां मो. नौशाद की अब्दुल्ला टायर दुकान संचालित है। शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टायर जलने लगे।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान संचालक के मुताबिक करीब 80 हजार से 1 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।
दुकान संचालक ने आशंका जताई है कि किसी असामाजिक तत्व ने जानबूझकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकान के बाहर रखे टायरों को भीषण आग की लपटों में देखा जा सकता है।
