कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के डिंगापुर स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित उमंग 50 सीटर दिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में दिव्यांग छात्र छात्रावास की अधीक्षक मीना सोनी की स्कूटी साफ करते हुए नजर आ रहे हैं।
मामले से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में एक बच्चा स्कूटी धोता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने दो बच्चे स्कूटी की सफाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग बच्चे रहकर पढ़ाई करते हैं।
बच्चों से निजी वाहन की सफाई कराए जाने का वीडियो सामने आने के बाद छात्रावास की व्यवस्था और बच्चों से कराए जा रहे कार्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद समाज कल्याण विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक मीना सोनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
इस संबंध में अधिकारी हरीश सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल विभाग की जांच और अधीक्षक के स्पष्टीकरण के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

