सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र की मदद से रायपुर पुलिस को मिली सफलता
सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से किया बरामद
रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर में दो नाबालिग बालिकाओं के अपहरण के मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना उरला क्षेत्र से लापता हुई दोनों नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई में तकनीकी सहायता, सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना उरला क्षेत्र से दो नाबालिग बालिकाओं के लापता होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध क्रमांक 615/2026 एवं 616/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के अंतर्गत अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर बालिकाओं की जल्द से जल्द पतासाजी और सुरक्षित बरामदगी के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में एडीसीपी श्री आदित्य पांडे एवं एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधांशु बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए बालिकाओं की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों का उपयोग शुरू किया। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसके साथ ही प्राप्त सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस टीम लगातार आगे बढ़ती रही। पतासाजी करते हुए पुलिस जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के सरसींवा क्षेत्र तक पहुंची, जहां से दोनों लापता नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस पूरी कार्रवाई को पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर अंजाम दिया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की और दोनों बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। दूसरे जिले तक पहुंचकर कम समय में दोनों बालिकाओं की सकुशल बरामदगी को पुलिस की तत्परता, बेहतर समन्वय और सुनियोजित रणनीति का परिणाम माना जा रहा है।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
रायपुर कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बालक या बालिका के लापता होने की स्थिति में बिना देरी किए तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते खोजबीन शुरू कर उन्हें सुरक्षित बरामद किया जा सके।
मात्र 10 घंटे में दोनों बालिकाओं की सकुशल बरामदगी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल को सामने लाया है।

