रायपुर

मरीन ड्राइव एप्पल स्टोर चोरीकांड: दो और आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.01 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.05 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.06 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.07 PM (1)

 

दो करोड़ के 173 आईफोन सहित एप्पल वॉच और एयरपॉड चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा

 

अब तक 4 आरोपियों की गिरफ्तारी और करीब डेढ़ करोड़ का माल बरामद

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्सट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड एप्पल स्टोर में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में रायपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों राज झाला और राजेश लोधी को मध्यप्रदेश के देवास जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की दो नग एप्पल वॉच और एक एयरपॉड भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ऋषभ डागा ने 1 नवंबर 2026 को थाना तेलीबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मरीन ड्राइव स्थित उनके एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने दुकान से करीब दो करोड़ रुपये कीमत के 173 नग एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे, ताकि पुलिस को कोई फुटेज नहीं मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।

पहले तीन चोर और एक खरीदार गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास जिले के टोंककला निवासी कंजर गिरोह के तीन सदस्यों राजेश झाला, राज झाला और राजेश लोधी को चिन्हित किया। इसके साथ ही चोरी के आईफोन प्राप्त करने वाले बड़वानी निवासी सफान खान को भी गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 125 नग एप्पल आईफोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया एक दोपहिया वाहन जब्त किया था। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई।

देवास में छिपे आरोपियों तक पहुंची पुलिस

प्रकरण में आगे की पूछताछ और जांच के दौरान फरार आरोपियों राज झाला और राजेश लोधी की तलाश तेज की गई। पुलिस टीम ने दोनों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार संयुक्त पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के देवास जिले से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर चोरीकांड में पुलिस की जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। करोड़ों रुपये के इस मामले में पुलिस गिरोह के सदस्यों और चोरी किए गए शेष सामान के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय कंजर गिरोह की गतिविधियों पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।

Editor in chief | Website | + posts
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.02 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM (1)
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.04 PM
WhatsApp Image 2026-11-08 at 3.20.03 PM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button