काफी समय से बंद पड़ा था कचरा संग्रहण केंद्र, आग की ऊंची लपटों से दहशत में आए कॉलोनीवासी
कोरबा (ट्रैक सिटी)। कुसमुंडा परियोजना की आवासीय कॉलोनी आदर्श नगर स्थित कचरा संग्रहण केंद्र (SLRM सेंटर) में आज शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कचरे के ढेर में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख आसपास रहने वाले कॉलोनीवासियों में दहशत फैल गई।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि वहां से गुजर रहे विद्युत तार में शॉर्ट सर्किट अथवा किसी फटाके की चिंगारी से आग भड़की होगी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उक्त कचरा संग्रहण केंद्र काफी समय से बंद पड़ा है। सेंटर के भीतर कचरे का ढेर मुख्य गेट तक फैल चुका है, जिसके कारण इसे खोल पाना भी संभव नहीं है। लगभग पूरी तरह कचरे से भर चुके इस केंद्र में आग लगने के बाद लपटें लगातार तेज होती गईं।

आग की भयावहता को देखते हुए कॉलोनीवासियों को अपने घरों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी। लोगों को आशंका थी कि यदि आग और भड़कती है तो उसकी लपटें अथवा उड़ती हुई चिंगारियां आसपास के मकानों तक पहुंच सकती हैं।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली।
इस घटना ने लंबे समय से बंद पड़े कचरा संग्रहण केंद्र की स्थिति और वहां जमा कचरे के उचित निस्तारण को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग इस केंद्र की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

