कोरबा

एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रों का फूटा गुस्सा: विधायक की गाड़ी घेरकर लगाए गंभीर आरोप, प्राचार्य को हटाने की मांग

कटघोरा (ट्रैक सिटी) जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरीकला स्थित शासकीय एकलव्य आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों और उनके अभिभावकों का आक्रोश उस समय खुलकर सामने आ गया, जब शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के बाद कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष वापस लौट रहे थे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने उनकी गाड़ी रोककर विद्यालय में व्याप्त समस्याओं से अवगत कराया तथा प्राचार्य डॉ. अहमद खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में उन्हें बेहद घटिया और अस्वच्छ भोजन परोसा जा रहा है। उनका कहना है कि बरसात के पानी में भोजन तैयार किया जाता है और कई बार खाने में कीड़े भी मिल चुके हैं। इसके अलावा नहाने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं होने से छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने यह भी बताया कि कई बच्चों को खाज-खुजली सहित त्वचा संबंधी बीमारियां हो गई हैं, लेकिन समुचित इलाज नहीं मिल रहा। आरोप है कि बीमार छात्रों को एक्सपायरी डेट की दवाइयां दी जा रही हैं। छात्रों ने विधायक के सामने दूध के पैकेट और अन्य खाद्य सामग्री भी दिखाई, जिन पर एक्सपायरी डेट मिटाई गई होने का दावा किया गया।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन का व्यवहार सहयोगात्मक नहीं है। पैरेंट्स मीटिंग के लिए सभी 240 विद्यार्थियों के अभिभावकों को एक साथ बुलाने के बजाय अलग-अलग समय पर बुलाया जाता है, जिससे दूर-दराज़ से आने वाले अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। साथ ही छात्रों को बाहर से आवश्यक दैनिक उपयोग का सामान लाने पर भी रोक लगाए जाने की शिकायत की गई।
अभिभावकों ने हाल ही में विद्यालय के शिक्षकों के बीच हुई कथित मारपीट का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इस घटना के दौरान कुछ छात्र भी घायल हुए थे, लेकिन मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई।
छात्रों और अभिभावकों की शिकायतें सुनने के बाद कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर मौजूद सहायक आयुक्त (एसी) को तत्काल जांच कर छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने आश्वस्त किया कि विद्यालय प्रबंधन की किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्राचार्य डॉ. अहमद खान के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालय के छात्रों द्वारा लगाए गए ये गंभीर आरोप एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े करते हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button