कोरबा

गणेश उत्सव के मद्देनजर कोरबा पुलिस का सघन पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में सघन पेट्रोलिंग एवं चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

गणेश उत्सव के मद्देनजर पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों, गणेश पंडालों एवं आयोजन स्थलों के आसपास सघन पेट्रोलिंग की जा रही है। पेट्रोलिंग के दौरान आने-जाने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की आवश्यकतानुसार तलाशी लेकर उनकी पहचान एवं तस्दीक की गई।

अभियान के दौरान गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा व्यक्तियों एवं पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की भी तस्दीक की जा रही है। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में समझाइश एवं आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

साथ ही गणेश पंडालों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ की स्थिति एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस बल द्वारा लगातार भ्रमण कर आयोजकों एवं आम नागरिकों से आवश्यक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

कोरबा पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों, सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों की मौजूदगी तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं चेकिंग करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

इस अभियान का उद्देश्य गणेश उत्सव के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना तथा आम नागरिकों को निर्भीक होकर पर्व मनाने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

🙏 कोरबा पुलिस की अपील

आम नागरिक गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार के विवाद, अफवाह या संदिग्ध गतिविधि से बचें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और बिना सत्यापन के सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करें।

सजग रहें, सतर्क रहें — गणेश उत्सव शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाएं

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button