रायपुर

गुड मॉर्निंग रायपुर: अब हर सुबह पुलिस देगी सुरक्षा और सतर्कता का संदेश

 

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राजधानी के नागरिकों को अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क बनाने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक नई जन-जागरूकता पहल की शुरुआत की है। इसके तहत अब शहरवासियों को हर सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से सुप्रभात के साथ सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिलेंगी। इस अभियान को ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ नाम दिया गया है। बुधवार को रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इस अभियान का शुभारंभ किया।

इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को दिन की शुरुआत में ही अपराध की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और आमजन की सुरक्षा से संबंधित जरूरी जानकारियों से अवगत कराना है। इसके माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को स्वयं भी सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के तहत प्रतिदिन फेसबुक, एक्स (ट्विटर), व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर छोटे, सरल और उपयोगी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इन संदेशों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा। महिला, वरिष्ठ नागरिक और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित जानकारियां, हेल्पलाइन नंबर तथा आपातकालीन सहायता व्यवस्था के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को शहर में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित करने का निर्णय लिया है, ताकि समय रहते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल बेहद जरूरी है। ‘गुड मॉर्निंग रायपुर’ के जरिए प्रयास किया जा रहा है कि प्रत्येक नागरिक सतर्क रहे और अपने दैनिक जीवन में सुरक्षा संबंधी उपायों को अपनाए। सजग नागरिक ही सुरक्षित रायपुर की नींव हैं।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और मीडिया जगत से इस अभियान से जुड़ने तथा जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करने की अपील की है। पुलिस की इस पहल से अब राजधानी में हर सुबह सिर्फ सुप्रभात ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और जागरूकता का संदेश भी पहुंचेगा।

Editor in chief | Website | + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button