कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिला कोरबा पुलिस ने गेवरा एवं कुसमुंडा क्षेत्र की खदानों से डीजल चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके मास्टरमाइंड नवीन कश्यप समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार आरोपी नवीन कश्यप पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार डीजल चोरी के इस संगठित गिरोह के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक इस मामले में कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से 9 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार किए गए थे, जबकि नवीन कार्रवाई में 3 आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस पहले ही गिरोह के कब्जे से लगभग 2500 लीटर चोरी का डीजल जब्त कर चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों में नवीन कश्यप (34 वर्ष), निवासी बलगी शांतिनगर, बाँकी मोंगरा, परमेश्वर सारथी (28 वर्ष), निवासी बलगी शांतिनगर, बाँकी मोंगरा तथा सब्बीर मेमन (35 वर्ष), निवासी गेवरा बस्ती, गांधी चौक, कुसमुंडा शामिल हैं।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि 1 जून 2026 की रात थाना दीपका पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि डीजल चोरी गिरोह का सरगना नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नवीन कश्यप सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो स्कार्पियो वाहन भी जब्त किए हैं। जब्त वाहनों में स्कार्पियो क्रमांक CG 28 P 6555 तथा स्कार्पियो क्रमांक CG 12 BU 6064 शामिल हैं।
प्रकरण में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 437/2024 के तहत धारा 111, 303(2) बीएनएस एवं 3, 7 ईसी एक्ट तथा अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 111, 329(2), 303(2), 338, 336(3), 340, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कोरबा पुलिस का कहना है कि खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a Reply

