कोरबा (ट्रैक सिटी)/ नगर पालिका परिषद दीपका के वरिष्ठ पार्षद एवं पीआईसी सदस्य अरुणीश तिवारी ‘दादा भाई’ ने जनसुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपनी पार्षद निधि से दीपका एवं प्रगति नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर उच्च गुणवत्ता के कास्ट आयरन (ढलवां लोहे) से निर्मित बेंच तथा बड़े आकार के पहियों वाले डस्टबिन उपलब्ध कराए। उन्होंने स्वयं विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर संबंधित संस्थानों के प्रमुखों को सामग्री सौंपते हुए परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने की अपील की।
पार्षद निधि से सेंट थॉमस पब्लिक स्कूल, दीपका पुलिस थाना, स्टेट बैंक, यूनियन बैंक (प्रगति नगर), डाकघर (प्रगति नगर), प्रगति हाउस, दीपका हाउस, अंबेडकर पार्क, बाल उद्यान, अष्टभुजी दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर, प्रगति नगर डिस्पेंसरी तथा स्नेह मिलन प्रगति नगर सहित विभिन्न प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बेंच एवं डस्टबिन उपलब्ध कराए गए। इस पहल से आम नागरिकों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अरुणीश तिवारी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए केवल आसपास का वातावरण स्वच्छ होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में नैतिक मूल्य, सदाचार और वैचारिक स्वच्छता का होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को समाज और सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए तथा स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने में सहयोग देना चाहिए।
कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के प्रमुख, अधिकारी-कर्मचारी, नगर पालिका परिषद दीपका के कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जनसुविधाओं के विस्तार और स्वच्छता की दिशा में की गई इस पहल की नागरिकों एवं संस्था प्रमुखों ने सराहना करते हुए इसे नगर के लिए उपयोगी कदम बताया।

