कोरबा (ट्रैक सिटी)। नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने दादरखुर्द में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के भव्य आयोजन के लिए निगम की ओर से 3 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने नगर निगम के साकेत स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दादरखुर्द ग्राम विकास समिति को आरटीजीएस (RTGS) की प्रति सौंपते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने कहा कि दादरखुर्द की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा कोरबा की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल है, जिसमें हर वर्ष शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। नगर निगम भी इस धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता निभाते हुए प्रतिवर्ष आर्थिक सहयोग प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में निगम द्वारा समिति को 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, लेकिन उनकी पहल पर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल तथा साधारण सभा की स्वीकृति से इस राशि को बढ़ाकर 3 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे आयोजन समिति को बेहतर व्यवस्थाएं करने में सहयोग मिलेगा और श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
इस अवसर पर दादरखुर्द ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष कृष्णकुमार द्विवेदी सहित आरिफ खान, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, संतोष थवाईत, नरेशराम पटेल, सबितराम पटेल, रामनाथ पटेल, शत्रुहन पटेल, राजकुमार पटेल, सूरज पटेल, नागेश्वर चन्द्रा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति के पदाधिकारियों ने आर्थिक सहयोग के लिए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से रथयात्रा का आयोजन और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा। 16 जुलाई को आयोजित होने वाली इस रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
Leave a Reply

