कोरबा (ट्रैक सिटी)। छात्रावास संचालन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं और लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ ने गुरुवार को कोरबा में सांकेतिक कलमबंद आंदोलन किया। जिले के सभी छात्रावास अधीक्षक घंटाघर चौक के पास एकत्रित होकर धरने पर बैठे। इसके बाद सभी अधीक्षक रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर को मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभाग के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्णयानुसार 12 नवंबर 2026 को प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में एक दिवसीय सांकेतिक कलमबंद आंदोलन आयोजित किया गया। कोरबा में भी छात्रावास अधीक्षकों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन के सामने रखा।
संघ का कहना है कि अधीक्षक संवर्ग लंबे समय से सेवा शर्तों में सुधार, कैडर पुनर्गठन, पदोन्नति के अवसर और छात्रावास संचालन के लिए पर्याप्त संसाधनों की मांग कर रहा है। इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

ये हैं पांच सूत्रीय प्रमुख मांगें
1. सेवा शर्तों में सुधार: अधीक्षकों के कार्य घंटे निर्धारित करने, साप्ताहिक एवं सार्वजनिक अवकाश की स्पष्ट व्यवस्था बनाने तथा 24 घंटे छात्रावास परिसर में उपस्थित रहने की बाध्यता के स्थान पर व्यावहारिक ड्यूटी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।
2. कैडर पुनर्गठन एवं पदोन्नति: अधीक्षक संवर्ग के कर्मचारियों को सेवाकाल के दौरान पदोन्नति के अवसर देने तथा मंडल संयोजक, क्षेत्र संयोजक और सहायक सांख्यिकी अधिकारी जैसे पदों पर आगे बढ़ने की व्यवस्था करने की मांग की गई है।
3. VSK ऐप से उपस्थिति की अनिवार्यता में छूट: छात्रावास अधीक्षकों पर विद्यालयीन शिक्षण और छात्रावास संचालन दोनों की जिम्मेदारी होने के कारण VSK ऐप से उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की गई है।
4. ऑनलाइन उपस्थिति एवं मेस बजट में सुधार: ऑनलाइन उपस्थिति के लिए आवश्यक कंप्यूटर, स्कैनर, इंटरनेट और ऑपरेटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों की एक-दो दिन की अनुपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती पर रोक लगाने की मांग की गई है।
5. छात्रावास संचालन के लिए पर्याप्त बजट: भोजन, राशन, सफाई सामग्री, दवाइयों, प्राथमिक उपचार, आवश्यक मरम्मत, परिवहन और विशेष आयोजनों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग रखी गई है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि छात्रावास अधीक्षक विद्यार्थियों की देखभाल, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उन्हें आवश्यक संसाधन और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलना जरूरी है।
ज्ञापन सौंपते हुए संघ ने शासन से पांचों मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र निराकरण करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जा सकता है।
