रायपुर

बकाया लाइसेंस शुल्क पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: उद्यान परिसर की 14 दुकानें सीलबंद

रायपुर/कोरबा (ट्रैक सिटी)। राजधानी रायपुर में बकाया लाइसेंस शुल्क की वसूली के लिए नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए महात्मा गांधी सदन के सामने स्थित नगर निगम उद्यान परिसर की 14 दुकानों को सीलबंद कर दिया। यह कार्रवाई टीम प्रहरी अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के आदेश एवं नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार की गई।
नगर निगम उद्यान विभाग की टीम ने नगर निवेश उड़नदस्ता दल और यातायात पुलिस बल के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई करते हुए उद्यान परिसर में संचालित सभी 14 दुकानों को सील किया। कार्रवाई के दौरान उपायुक्त उद्यान श्रीमती जागृति साहू के मार्गदर्शन में उप अभियंता उद्यान सुश्री रूचिका मिश्रा सहित नगर निगम एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


जानकारी के अनुसार नगर निगम उद्यान परिसर की इन 14 दुकानों के संचालन का लाइसेंस गणपति इंफ्रा को पांच वर्ष की अवधि के लिए दिया गया था, जिसकी अवधि अगस्त 2026 में समाप्त होने वाली है। हालांकि, लाइसेंसधारी एजेंसी द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप नगर निगम को देय लाइसेंस शुल्क की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया था।
नगर निगम द्वारा कई बार नियमानुसार बकाया राशि जमा कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई गई, लेकिन भुगतान नहीं होने पर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत सीलबंदी की कार्रवाई की। संयुक्त अभियान में नगर निवेश उड़नदस्ता, यातायात पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में सभी दुकानों को सील कर दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली एवं निगम संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए बकाया राशि नहीं चुकाने वाले लाइसेंसधारियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। टीम प्रहरी अभियान का उद्देश्य निगम के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही सार्वजनिक संपत्तियों का नियमानुसार संचालन कराना है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button