कोरबा

बारिश के बाद मच्छरों का बढ़ा आतंक, निगम के दावों पर उठ रहे सवाल

कोरबा (ट्रैक सिटी)। लगातार हो रही बारिश के बाद शहर में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। शाम होते ही अधिकांश वार्डों में मच्छरों की भरमार से लोगों का घरों से बाहर निकलना और घरों के भीतर रहना तक मुश्किल हो गया है। बढ़ते मच्छरों के बीच नगर निगम के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर देखने को मिल रहा है।
नगर निगम के स्वच्छता अधिकारी संजय तिवारी का कहना है कि शहर में मच्छर नियंत्रण के लिए नियमित रूप से फॉगिंग एवं अन्य आवश्यक अभियान चलाए जा रहे हैं। उनके अनुसार निगम की टीमें विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मच्छर नियंत्रण का कार्य कर रही हैं।
हालांकि, शहर के कई वार्डों के रहवासियों का दावा इससे बिल्कुल अलग है। लोगों का कहना है कि उन्हें ऐसा कोई दिन याद नहीं जब उन्होंने अपने क्षेत्र में फॉगिंग मशीन से धुआं करते हुए निगम की टीम को देखा हो। नागरिकों का आरोप है कि यदि अभियान वास्तव में चल रहा है, तो उसका प्रभाव शहर में दिखाई क्यों नहीं दे रहा है। लगातार बढ़ते मच्छरों से लोग परेशान हैं और शाम के समय घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद रखने के बावजूद राहत नहीं मिल रही।
बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी जमा है, नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
शहरवासियों ने मांग की है कि यदि निगम द्वारा वास्तव में फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है तो उसकी वार्डवार समय-सारिणी सार्वजनिक की जाए, ताकि लोगों को भी इसकी जानकारी हो सके। साथ ही जिन क्षेत्रों में लंबे समय से फॉगिंग नहीं हुई है, वहां तत्काल प्रभाव से अभियान चलाया जाए।
बारिश के इस मौसम में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप नगर निगम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि निगम अपने दावों को जमीनी स्तर पर कितना प्रभावी ढंग से साबित कर पाता है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button