कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले में लगातार भारी उमस के बाद हो रही बारिश के चलते अत्यधिक विषैले सांप कॉमन करैत (घोड़ा करैत) के रिहायशी इलाकों और घरों तक पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इसी को लेकर वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम, कोरबा ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम के अध्यक्ष जितेंद्र सारथी ने बताया कि बारिश और उमस के मौसम में कॉमन करैत जैसे विषैले सांप सुरक्षित एवं गर्म स्थानों की तलाश में घरों के भीतर घुस आते हैं। कई बार ये बिस्तरों, कपड़ों या अन्य घरेलू सामान के बीच भी छिप जाते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि रात में सोने से पहले अपने बिस्तर, चादर, तकिया और आसपास के स्थानों की अच्छी तरह जांच अवश्य कर लें।
उन्होंने बताया कि कॉमन करैत का डंसना बेहद खतरनाक होता है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ने नागरिकों से अपील की है कि इस मौसम में विशेष सतर्कता बरतें, घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और बच्चों को भी सावधानी के बारे में जागरूक करें।
संपर्क (वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम, कोरबा):
जितेंद्र सारथी (अध्यक्ष)
हेल्पलाइन: 8817534455, 7999622151
Leave a Reply

