सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य का अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में राजस्थान निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। तस्कर एक फर्जी नंबर प्लेट लगी कार का उपयोग कर गांजे की खेप को दूसरे राज्य तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से वाहन को भी जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटा रही है।
सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Leave a Reply

