कोरबा

उतरदा R&R साइट का एसडीओ ने किया निरीक्षण।

दीपका क्षेत्र में विकसित हो रही है प्रदेश की आदर्श पुनर्वास टाउनशिप

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली रोहित सिंह ने SECL दीपका क्षेत्र स्थित उतरदा पुनर्स्थापन एवं पुनर्वास (R&R) साइट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान SECL सिविल विभाग के अधिकारी, SECL राजस्व विभाग के नोडल अधिकारी रोशन मेश्राम एवं अनिल पाटले उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने पुनर्वास स्थल के सभी घटकों का बारीकी से अवलोकन करते हुए निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि SECL द्वारा लगभग 46 हेक्टेयर अर्जित भूमि पर ग्राम हरदीबाजार के विस्थापित परिवारों के लिए एक आधुनिक एवं आदर्श टाउनशिप विकसित की जा रही है, जिसे तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा मॉडल R&R साइट के रूप में डिजाइन किया गया है।

पुनर्वास स्थल को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए NTPC रेलवे लाइन के समानांतर लगभग 6 किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड के निर्माण की योजना भी शामिल है। इससे आवागमन सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध होगा तथा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।

मॉडल R&R साइट में प्रत्येक पात्र प्रभावित परिवार को 6 डिसमिल का आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, RFCTLARR Act, 2013 (शेड्यूल-3) के अनुरूप सभी आवश्यक बुनियादी नागरिक सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।

टाउनशिप में प्रमुख रूप से सुव्यवस्थित आवासीय क्षेत्र, पार्क एवं हरित क्षेत्र, प्राथमिक एवं उच्चतर विद्यालय, स्वास्थ्य सुविधाओं हेतु अस्पताल, तहसील व पंचायत भवन, सामुदायिक एवं प्रशासनिक भवन, विद्युत आपूर्ति हेतु सबस्टेशन, बाज़ार एवं व्यावसायिक परिसर, खेल मैदान, तालाब एवं जल संरचनाएँ, पुलिस थाना तथा आंतरिक एवं मुख्य सड़क नेटवर्क का विकास किया जा रहा है।

इन सभी सुविधाओं का उद्देश्य विस्थापित परिवारों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करना है।SECL दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय मिश्रा, कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत एवं स्थानीय प्रशासन के मार्गदर्शन में विकसित की जा रही यह R&R साइट प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ एवं आदर्श पुनर्वास परियोजनाओं में शामिल होने की दिशा में अग्रसर है, जो सामाजिक पुनर्वास एवं बुनियादी विकास के नए मानक स्थापित करेगी।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button