कोरबा

कोरबा यातायात पुलिस की पहल : नया बस स्टैंड में बसों को लाइन में लगाकर जाम से दिलाई राहत।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ जिले के नया बस स्टैंड में आज कोरबा यातायात पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। लगातार लग रहे जाम और अव्यवस्थित वाहनों के कारण यात्रियों व आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बस स्टैंड परिसर में खड़ी सभी यात्री बसों को निर्धारित स्थान पर एक लाइन में व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया, ताकि आवागमन बाधित न हो और जाम की स्थिति से राहत मिल सके। बस चालकों और परिचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे केवल तय स्टॉपेज पर ही बस खड़ी करें और मनमर्जी से सड़क पर वाहन न रोकें।

इसी दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को भी सख्त हिदायत दी। ऑटो चालकों को बस स्टैंड के भीतर अव्यवस्थित ढंग से खड़े न होने, सवारी चढ़ाने-उतारने के लिए निर्धारित स्थान का ही उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई की निगरानी यातायात पुलिस के एएसआई मनोज राठौर द्वारा की गई। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर बस व ऑटो चालकों को समझाइश दी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

यातायात पुलिस ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि नया बस स्टैंड क्षेत्र में जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यातायात सुविधा मिल सके।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button