कोरबा (ट्रैक सिटी) कोरबा अंचल अंतर्गत कोरबा मेडिकल कॉलेज में एक शख्स ने मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में धुत हो अपने मित्र के पास ग्राम मड़वारानी जाने साधन नहीं मिलने पर चिकित्सालय की 108 एम्बुलेंस पर ही हाथ साफ कर उसे लेकर फरार होने लगा।
जानकारी के अनुसार कथित आरोपी मड़वारानी (थाना उरगा) का निवासी जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचा था। नशे में चूर उस व्यक्ति को अपने मित्र के पास ग्राम मड़वारानी जाना था। त्यौहार का दिन होने के कारण उसे सड़क पर कोई ऑटो या सवारी गाड़ी नहीं मिली।
इतने में उसकी नजर चिकित्सालय परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। एम्बुलेंस के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गाड़ी में चाबी लगी हुई थी। उसने ‘आओ देखा न ताव’, स्टेरिंग संभाली और गाड़ी स्टार्ट कर दी। उसको गाड़ी चलाना पूरी तरह नहीं आता था, लेकिन ‘देख-देख’ कर जो थोड़ा-बहुत सीखा था, उसी के भरोसे उसने एम्बुलेंस दौड़ानी शुरू कर दी। गनीमत यह रही कि चिकित्सालय परिसर के भीतर ही गाड़ी अचानक बंद हो गई। गाड़ी को अजीब तरह से चलते देख वहां तैनात गार्डों का माथा ठनका। उन्होंने तुरंत वाहन को घेरा और युवक को पकड़ लिया।
सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और कथित आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बड़े ही मासूम अंदाज में कहा कि उसे बस अपने मित्र के पास जाना था और कोई गाड़ी नहीं मिल रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और एम्बुलेंस कर्मचारियों को भी कड़ी हिदायत दी गई है।
Leave a Reply

