कोरबा

खेलते खेलते बच्चा जहरीले नाग के पास पहुंचा स्थानीय लोगों की सतर्कता से टली बड़ी घटना, डेढ़ घंटे में हुआ रेस्क्यू।

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र स्थित गायत्री नगर में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गली में खेल रहा एक बच्चा अचानक एक जहरीले नाग के पास पहुंच गया। बच्चों ने जैसे ही लगभग 5 फीट लंबे नाग को देखा, वे डरकर इधर-उधर भागने लगे और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। मोहल्ले वालों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने सांप को पकड़वाने के लिए आरसीआरएस (RCRS) संस्था के सदस्य उमेश यादव को सूचना दी।

सांप पर बच्चे की नज़र पड़ी,टली दुर्घटना।

सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यूअर उमेश यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे की सावधानीपूर्वक मशक्कत के बाद नाली के पास एक छेद में घुसे नाग को बाहर निकाला और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस्ती के पास जंगल और झाड़ियां होने के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। समय रहते बच्चों की नजर पड़ जाने से एक बड़ी घटना टल गई।

सांप दिखने पर डरे नहीं सावधान हो जाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने लोगों को ऐसे मौसम में सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी बेजुबान जीव को मारना नहीं चाहिए, क्योंकि वे पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं। सर्पमित्र ने लोगों से डरने के बजाय समझदारी दिखाने और सांप दिखने पर सर्प मित्रों को सूचित करने की अपील की।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button