कोरबा (ट्रैक सिटी)। जिले के कुसमुंडा मेगा परियोजना में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एसईसीएल की कोयला फेस साइट पर डंपिंग के दौरान 60 टन वजनी डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर ऑपरेटर राघवेंद्र घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑपरेटर राघवेंद्र डंपर में कोयला लेकर फेस में डंपिंग करने पहुंचे थे। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और डंपर कोयला फेस से फिसलकर नीचे जा गिरा। बताया जा रहा है कि भारी वाहन ऊपर से स्लाइड होते हुए करीब तीन पलटी खाकर नीचे गिरा और बाद में सीधा हो गया।
हादसे के समय ऑपरेटर ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन इस दौरान उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद परियोजना क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और डंपिंग क्षेत्र की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

