कोरबा

मवेशी को बचाने के चक्कर में बाइक नहर में गिरी,1 की मौत 2 घायल।

कोरबा (ट्रैक सिटी)। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार इलाके में रविवार को सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 112 की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

मृतक के साथी अर्जुन पटेल ने बताया कि 15 ब्लॉक पंप हाउस निवासी सुरेश चौहान, विक्की और वह तीनों रोज की तरह बाइक से जमनीपाली एल्युमिनियम फिटिंग का काम करने जा रहे थे। सुबह राताखार के पास अचानक एक गाय सड़क क्रॉस करने लगी। उसे बचाने के प्रयास में बाइक चालक संतुलन खो बैठा और तीनों बाइक समेत नहर में जा गिरे। इस दुर्घटना में सुरेश चौहान को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विक्की को गंभीर चोटें आई हैं और अर्जुन को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद साथियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया। आरोप है कि फोन पर 10 मिनट में पहुंचने की बात कही गई, लेकिन करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। मजबूरन स्थानीय लोगों और 112 डायल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाइक पर ही जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुरेश को मृत घोषित कर दिया। घायलों के साथियों का कहना है कि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती और तुरंत इलाज मिल जाता, तो शायद सुरेश की जान बच सकती थी।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। तीनों युवक बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। मवेशी को बचाने के चक्कर में नियंत्रण खोने से यह हादसा हुआ। मृतक सुरेश कुमार 15 ब्लॉक पंप हाउस का रहने वाला था और परिवार का पालन-पोषण मजदूरी कर करता था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मवेशी मालिक की तलाश की जा रही है। घायल विक्की का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना के बाद शहर में सड़कों पर घूम रहे मवेशियों की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन मवेशी सड़क पर आ जाते हैं, जिससे हादसे होते रहते हैं। नगर निगम और प्रशासन से मांग की गई है कि सड़कों से मवेशियों को हटाकर गोठानों में रखा जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button