कोरबा

पुरानी रंजिश में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 7 आरोपी हिरासत में।

कोरबा (ट्रैक सिटी)। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में रविवार देर रात एक युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रामसागर पारा में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में कुछ दिन पहले हुए विवाद की रंजिश को लेकर रविवार रात 8 से 10 युवक लाठी-डंडों से लैस होकर रामसागर पारा पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए रवि यादव की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हमलावरों का विवाद किसी अन्य युवक से था, लेकिन हिंसा की चपेट में रवि यादव आ गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय नागरिक कोतवाली थाना पहुंच गए तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस मामले में नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रामसागर पारा हत्या प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button