कोरबा(ट्रैक सिटी)। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर गुरसिया पुल के ऊपर सोमवार को एक बड़ा सडक़ हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर तान नदी के पुल से नीचे गिरते-गिरते बाल-बाल बच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में चार लोग सवार थे। सभी लोग रायपुर से इलाज कराकर अपने घर अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरसिया पुल के ऊपर सामने से आ रहे ट्रेलर से उनकी स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पुल के किनारे जा पहुंची और नीचे गिरने से बाल-बाल बच गई। इससे वाहन में सवार लोगों की जान पर बन आई।.हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने दुर्घटना का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना बताया है। चालक के अनुसार, ब्रेक फेल होने के कारण ट्रेलर पर नियंत्रण नहीं रह सका और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी भिड़ंत हो गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।फिलहाल हादसे में स्कॉर्पियो सवार चारों लोगों की स्थिति और किसी के घायल होने संबंधी विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
दुर्घटना के बाद दो दिशाओं में लगा जाम
हादसे के बाद एनएच-130 पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सडक़ पर खड़े होने के कारण पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देखते ही देखते मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और बांगो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने की कवायद शुरू कर दी। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ इस रास्ते पर आवाजाही सामान्य हुई।
