कोरबा(ट्रैक सिटी)। नगर पालिका परिषद दीपका द्वारा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई। नगर पालिका प्रशासन ने कटघोरा रोड से बजरंग चौक तक सड़क किनारे यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान संबंधित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 62 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ही दीपका शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखना रहा।
अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान में तहसीलदार दीपका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी, उप अभियंता, राजस्व प्रभारी सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे। थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी के सहयोग से अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई व्यवस्थित तरीके से की गई। सड़क मार्ग को बाधित करने वाले स्थानों को चिन्हित कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान का सामान, ठेला या अन्य सामग्री रखने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग आवश्यक है।
नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारियों से भी अपील की है कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क अथवा सार्वजनिक स्थान पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन ने संकेत दिया है कि दीपका में सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

