कोरबा

सम्मान, स्नेह और शुभकामनाओं के साथ कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के आतिथ्य में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस

वृद्धजनों का अनुभव और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का आधार : कैबिनेट मंत्री लखन लाल।

*शॉल-श्रीफल से वृद्धजनों का किया गया अभिनंदन, दीर्घायु जीवन के लिए दी गई शुभकामनाएं*

*वृद्धजनों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों का हुआ वितरण*

कोरबा (ट्रैक सिटी)/ वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में राजीव गांधी इंडोर ऑडोटोरियम में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ वंदन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री देवांगन ने कार्यक्रम में वरिष्ठजनों एवं वृद्धजनों को शॉल , श्रीफल, पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित करते हुए सभी को वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, सभापति नगर निगम नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, अध्यक्ष सियान सदन जे के तिवारी, अजय चंद्रा, योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री देवांगन ने कहा कि माता-पिता तुल्य वृद्धजनों का सम्मान करना गर्व की बात है। उनका सम्मान करना हम सबका दायित्व है। वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक एवं अमूल्य संस्कृति के धरोहर है। उनके मार्गदर्शन में ही हम सब आगे बढ़ते है। उनका आशीर्वाद बहुमूल्य धन है। इनका देखभाल सरकार और समाज दोनों की ही जिम्मेदारी है। वृद्धजनों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। मंत्री देवांगन ने कहा कि सरकार द्वारा वृद्धजनों हेतु अनेक लाभकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। साथ ही जिले में उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनेक कल्याणकारी कार्य किए गए हैं। डीएमएफ से वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। नगर के सियान सदन में वृद्धजनों की सहूलियत हेतु वातानुकुलित एसी सहित अन्य सुविधा भी सुनिश्चित की जा रही है। कैबिनेट मंत्री देवांगन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूरा करने का कार्य छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। वृद्धजनों को वृद्धापेंशन से सामाजिक सुरक्षा, व्यवन्दन कार्ड से निःशुल्क स्वास्थ्य इलाजका लाभ दिया जा रहा है।

मंत्री देवांगन ने बताया कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत, डामरीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाई जाएगी।

विधायक कटघोरा पटेल ने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज के अनुभव, ज्ञान और संस्कारों की समृद्ध पूंजी हैं। समाज के निर्माण और विकास में उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। वे एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से सीख लेनी चाहिए। बुजुर्गों ने अपने बच्चों और समाज के भविष्य के लिए पूरा जीवन समर्पित किया है, इसलिए उनके बेहतर स्वास्थ्य, खान-पान और देखभाल के साथ उन्हें परिवार में सम्मान, स्नेह और अपनापन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हम युवा हैं, लेकिन समय के साथ हम भी इसी अवस्था में पहुंचेंगे। जनप्रतिनिधि के रूप में वरिष्ठजनों का अनुभव और मार्गदर्शन हमें सही दिशा प्रदान करता है। आज का दिन उनके अधिकारों, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर है।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज के लिए अनुभव, ज्ञान और संस्कारों का महत्वपूर्ण आधार हैं। माता-पिता और बुजुर्ग अपने बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और संस्कारों के लिए पूरा जीवन समर्पित करते हैं। परिवार में बच्चों को जीवन की पहली सीख और संस्कार भी उन्हीं से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। परिवार में बुजुर्गों को सम्मान, स्नेह और अपनापन मिलने से आपसी प्रेम, संस्कार और सद्भाव की भावना मजबूत होती है।

गोपाल मोदी ने कहा कि वृद्धजन दिवस केवल एक दिन वृद्धजनों के सम्मान तक सीमित नहीं है, यह हमें हर दिन उनके प्रति सम्मान, स्नेह और संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश देता है। हमारे बुजुर्ग अपनी जीवनभर की सीख और अनुभव से नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं। माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीख लेकर उनके प्रति सम्मान और सेवा की भावना को निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।

कलेक्टर  दुदावत ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज के लिए अनुभव और ज्ञान का समृद्ध स्रोत हैं। उनके जीवन का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करता है। वृद्धजनों के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। माता-पिता और वृद्धजनों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। यह हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों की विशेषता है कि आज भी बच्चे अपने माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करते हैं। उन्होंने सभी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार श्रवण यंत्र एवं वॉकिंग स्टिक प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया तथा स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Editor in chief | Website |  + posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button